भारत

अगस्त में 9.86 लाख अंशधारक जुड़े ईपीएफओ से

नयी दिल्ली 25 अक्टूबर : मौजूदा वर्ष के अगस्त में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से 9.85 लाख अंशधारक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) से 14.62 लाख कामगार और राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) में 65 हजार से अधिक कर्मचारी जोड़े गये हैं।

केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने मंगलवार को यहां बताया कि अगस्त 2022 में ईपीएपओ कुल नौ लाख 86 हजार 859 अंशधारक शामिल हुये हैं। इनमें सात लाख 18 हजार 95 पुरूष और दो लाख 68 हजार 740 महिला शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार सितंबर 2017 से अगस्त 2022 की अवधि में कुल पांच करोड़ 81 लाख 56 हजार 630 अंशधारक ईपीएफओ से जोंड़े गये हैं।

इसी माह में ईएसआईसी में कुल 14 लाख 62 हजार 145 कामगार शामिल हुए हैं। इनमें से 11 लाख 82 हजार 256 पुरुष और दो लाख 79 हजार 834 महिलायें हैं। शेष 55 अन्य श्रेणी में शामिल हैं। सितंबर 2017 से अगस्त 2022 तक की अवधि में सात करोड़ 22 लाख 92 हजार 232 कामगार ईएसआईसी में जुड़े हैं।

अगस्त 2022 में एनपीएस में कुल 65 हजार 543 कर्मचारी शामिल हुए हैं। केंद्र सरकार में 9139, राज्य सरकारों में 40 हजार 902 और गैर सरकारी क्षेत्र में 15 हजार 502 कर्मचारी शामिल हुए हैं। सितंबर 2017 से अगस्त 2022 की अवधि में 37 लाख 85 हजार 101 कर्मचारी एनपीएस में जोड़े गये हैं।

Related Articles

Back to top button