राज्य

शिवराज ने बिरसा मुंडा को जयंती पर किया नमन

भोपाल, 15 नवंबर : जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आज मध्यप्रदेश के शहडोल में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिरसा मुंडा जयंती पर सभी जनजातीय भाईबहनों को शुभकामनाएं दी हैं।

श्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से लिखा है, ‘जल जंगल जमीन तथा जनजातीय अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान जनजातीय योद्धा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर उनके चरणों में कोटि कोटि नमन एवं आप सभी को जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।’

श्री चौहान ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और अतिविशिष्ट है। श्री बिरसा मुंडा की जयंती पर शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति की उपस्थिति में पेसा एक्ट (अधिसूचित क्षेत्रों में पंचायतों का विस्तार संबंधी अधिनियम) आधिकारिक तौर पर लागू किया जा रहा है। यह एक्ट जनजातीय भाई बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ ही उन्हें सामाजिक समरसता के साथ सामाजिक न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। आज से मध्यप्रदेश में नए युग की शुरूआत हो रही है।

श्री चौहान ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का भी जिक्र किया और सोशल मीडिया के माध्यम से जनजातीय समुदाय के हित में किए जा रहे कार्यों को भी बताया है।

Related Articles

Back to top button