विश्व

इटली में कांस्य की प्राचीनतम प्रतिमाएं मिली

रोम, 09 नवंबर : इटली के पुरातत्वविदों ने टस्कनी में प्राचीनतम 24 अति सुंदर संरक्षित कांस्य प्रतिमाओं का पता लगाया है, जो रोमन काल की हो सकती हैं।

बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इटली की राजधानी रोम से लगभग 160 किलो मीटर उत्तर में सिएना प्रांत के एक पहाड़ी शहर सैन कासियानो देई बागनी के एक प्राचीन स्नानागार के कीचड़ से भरे खंडहरों के नीचे से इन मूर्तियों को खोजा गया है।

हाइजीया, अपोलो और अन्य ग्रीको-रोमन देवताओं के चित्रों से सुसज्जित ये मूर्तियां लगभग 2,300 वर्ष पुरानी हैं। एक विशेषज्ञ ने बताया कि यह खोज एक नया इतिहास रच सकती है। उन्होंने कहा कि लगभग 6,000 कांस्य, चांदी और सोने के सिक्कों के साथ मिली अधिकांश मूर्तियाँ स्नानघर के नीचे डूबी हुई पाई गईं। ये मूर्तियां दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व और पहली शताब्दी ईस्वी के बीच की हैं।
इटली के संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि इस युग ने “प्राचीन टस्कनी में महान परिवर्तन’ के काल को दर्शाया था, क्योंकि क्षेत्र एट्रस्केन से रोमन शासन में बदल गया था।

बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में खुदाई का नेतृत्व करने वाले सिएना में विदेशियों के लिए विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर जैकोपो तबोली के हवाले से बताया है कि इन मूर्तियों को एक प्रकार के अनुष्ठान में पानी में विसर्जित किया गया था। उन्होंने कहा, “आप पानी में इसलिए डालते हैं क्योंकि आप उम्मीद करते हैं कि पानी आपको कुछ वापस देगा।”

इन मूर्तियों को सैन कैसियानो में एक नए संग्रहालय में प्रदर्शित करने से पहले ग्रोसेटो के एक प्रयोगशाला में ले जाया जाएगा।
इटली के सरकारी संग्रहालयों के महानिदेशक मास्सिमो ओसाना ने कहा कि यह खोज रियास कांस्य के बाद से सबसे महत्वपूर्ण है और “निश्चित रूप से प्राचीन भूमध्यसागरीय इतिहास में अब तक की सबसे महत्वपूर्ण कांस्य खोजों में से एक है।”

Related Articles

Back to top button