विश्व

नाइजीरिया में चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर हमला

लागोस, 25 फरवरी : पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया के सबसे बड़े शहर लागोस में शनिवार को राष्ट्रपति और राष्ट्रीय विधानसभा चुनावों के दौरान बंदूकधारियों ने कई मतदान केंद्रों पर हमला किया।

लागोस के पुलिस प्रमुख इदोवु ओवोहुनवा ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि लागोस के ओशोदी क्षेत्र में प्रभावित मतदान केंद्रों पर तैनात स्वतंत्र राष्ट्रीय चुनाव आयोग के 25 कर्मचारियों को चुनाव सामग्री के साथ राज्य पुलिस मुख्यालय ले जाया गया है।

श्री ओवोहुनवा ने बताया कि अब तक हुए हमलों में किसी की मौत नहीं हुई है और संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में चुनाव शांतिपूर्ण रहा।

नाइजीरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार शनिवार को अपराधियों ने दक्षिणी डेल्टा प्रांत और उत्तरी कैटसिना प्रांत के कुछ मतदान केंद्रों पर हमला किया। इस दौरान वे मतदाता कार्ड और उन्हें प्रमाणित करने के लिए डिज़ाइन किए गए कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने साथ ले गए।

Related Articles

Back to top button