बड़ी ख़बरेंमध्य प्रदेशराज्य

सागर की घटना पर प्रियंका ने किया ट्वीट

भोपाल, 24 जून : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक गांव में अनुसूचित जाति के लगभग दस लोगों के मकान ढहाने के मामले में आज आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में दलितों पर अत्याचार चरम पर हैं।
श्रीमती वाड्रा ने ट्वीट के जरिए लिखा है, ”मध्यप्रदेश में दलितों पर भाजपा सरकार का अत्याचार चरम पर है। सागर जिले में 10 दलित परिवारों के घर ढहा दिए गए। जो परिवार मजदूरी करने गए थे, बिना कोई सूचना दिए उनकी सारी गृहस्थी तहस नहस कर दी। पीएम आवास योजना के तहत बने घर भी ढहा दिए। सत्ता के अहंकार में भाजपा यह भूल गई है कि सरकार का काम लोगों को उजाड़ना नहीं, बल्कि बसाना है। दलितों, आदिवासियों और गरीबों पर अत्याचार करने वाली भाजपा सरकार को मध्यप्रदेश की जनता सबक सिखाएगी।”
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने श्रीमती वाड्रा के इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा है, ”धन्यवाद प्रियंका जी”। दरअसल सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के रैपुरा गांव में हाल ही में वन विभाग ने अनुसूचित जाति वर्ग के लगभग एक दर्जन मकान तोड़ दिए थे। श्री दिग्विजय सिंह तुरंत रैपुरा पहुंचे और उन्होंने धरना भी दिया था। इसके बाद सागर जिला कलेक्टर अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस मामले का समाधान निकालने का आश्वासन दिया था। इसके बाद श्री सिंह वहां से लौटे थे। इस मामले में श्री सिंह ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्य के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को निशाने पर लेते हुए अनेक आरोप लगाए थे।
इस मुद्दे को राज्यसभा सांसद श्री सिंह सोशल मीडिया में भी लगातार उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button