रक्षाबंधन के अवसर पर ससुराल आए दामाद ने बुआ सास और साले को मारी गोली, दोनों घायल

सिवनी, 31 अगस्त: मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में रक्षाबंधन के अवसर पर अपने ससुराल आए एक युवक ने पुराने विवादों के चलते अपनी बुआ सास और साले को गोली मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जहां प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रैफर कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी विशाल बघेल रक्षाबंधन के अवसर पर कल अपनी ससुराल ग्राम लोनिया आया था। जहां कल रात उसका विवाद ससुराल में हो गया और उसने बुआ सास सुलोचना बघेल (50) और साला जयदीप बघेल (22) पर पिस्टल से गोली चला दी और घटना के तुरंत बाद वह फरार हो गया। पुलिस आरोपी के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सुलोचना और जयदीप को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उन्हें नागपुर रैफर कर दिया गया।
आरोपी विशाल बघेल विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) में पदस्थ है और उसका अपनी आरक्षक पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। वह पहले भी ससुराल में विवाद कर चुका है। इस मामले में भी उस पर मुकदमा चल रहा है।