भारत

अंबिका सोनी ने पार्टी मुख्यालय में फहराया तिरंगा

नयी दिल्ली, 15 अगस्त : कांग्रेस ने देश के बाकी हिस्सों के साथ सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में 76वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के कोरोना संक्रमित होने पर यहां उनकी अनुपस्थिति में तिरंगा फहराया।

सुश्री सोनी ने पार्टी नेता एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर अन्य लोगों में पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री आनंद शर्मा भी मौजूद रहे। कांग्रेस अध्यक्ष के फिर से काेराेना संक्रमित होने के कारण पार्टी मुख्यालय नहीं आ सकीं। कोराेना वायरस जांच परीक्षण की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद श्रीमती गांधी आइसोलेट हो गयी हैं।

श्रीमती सोनी ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को ‘महत्वहीन’ बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी इतिहास को गलत तरीके से साबित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ डट कर लड़ेगी।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा, “ पिछले 75 वर्षों में भारत ने अपने नागरिकों की कड़ी मेहनत के माध्यम से विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक अमिट छाप छोड़ी है।” उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों में अपने दूरदर्शी नेतृत्व के साथ भारत ने एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रणाली की स्थापना की और लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थानों को मजबूत किया।

Related Articles

Back to top button