झारखंड में जदयू का सदस्यता अभियान
![](https://i0.wp.com/hindi.mobilenews24x7.com/wp-content/uploads/2022/09/bjp-bihar-plan-nitish-kumar-to-rajya-sabha-1648719413.png?resize=636%2C358&ssl=1)
बोकारो, 21 सितंबर : झारखंड में बोकारो जिले के नया मोड़ स्थित बिरसा मुंडा के प्रतिमा स्थल से झारखंड प्रदेश जनता दल यू के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक चौधरी के नेतृत्व में सांगठनिक चुनाव एवं पार्टी सशक्तिकरण के लिए सदस्यता अभियान बुधवार को चलाया गया
श्री चौधरी ने इस मौके पर कहा कि यह पार्टी लोहिया, अंबेडकर, जयप्रकाश नारायण, जननायक करपुरी ठाकुर, बिनोद बिहारी महतो के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है जो न्याय के साथ विकास की बात करती है।
तथा समाजवादी विचारधाराओं से ओतप्रोत है । उन्होंने कहा कि देश में निरंतर साजिशें कर इसको तोड़ने और कमजोर करने का कुत्सित प्रयास किया जाता रहा है और हम निरंतर गिरते उठते लेकिन पुनः खड़े होते रहे हैं। इतिहास साक्षी है जब भी देश विषम परिस्थितियों से गुजरता रहा है उस से निकालने हेतु समाजवादियों ने ही मार्ग प्रशस्त किया है।
जदयू नेता ने कहा कि आज पुनः देश महंगाई के साथ भयंकर बेरोजगारी का दंश झेल रहा है आम आदमी का जीना दूभर हो रहा है आपसी सद्भाव, भाईचारे को तार-तार करने के प्रयास हो रहे हैं। पुनः हम सभी को संगठित होकर इसके खिलाफ संघर्ष करने की जरूरत है। श्री चौधरी ने कहा कि सबका साथ सबका विकास के नाम पर जीत कर सत्ता मेंआने वाली भारतीय जनता पार्टी अमीरों को लाभ और गरीबों को लोभ देने वाली नीति पर कार्य कर रही है ।
श्री चौधरी ने कहा कि 16 अक्टूबर को रांची में पार्टी की झारखण्ड इकाई द्वारा विराट कार्यकर्ता रैली का आयोजन होगा, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह जी सहित अन्य वरिष्ठ नेताभाग लेंगे। झारखंड में पार्टी का लक्ष्य 2500000 सदस्य बनाने का है।