भारत

आंध्र के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भाजपा में शामिल

नयी दिल्ली 07 अप्रैल : आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
श्री रेड्डी यहां भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।
इस मौके पर श्री जोशी ने कहा कि श्री रेड्डी के शामिल होने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई मजबूत होगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद श्री रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि वह श्री मोदी के नेतृत्व में काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, “ कांग्रेस पार्टी के साथ मेरे परिवार का जुड़ाव लगभग 60 साल का था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह कांग्रेस छोड़ देंगे।” उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान से बहुत प्रेरित हैं तथा उनके नेतृत्व में भाजपा सरकार के पास देश के विकास के लिए विशेष रूप से देश के युवाओं के लिए एक बहुत स्पष्ट दृष्टिकोण है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा, “ क्या हुआ है कि कांग्रेस आलाकमान के खराब फैसलों के कारण राज्य दर राज्य कांग्रेस को सभी राज्यों में नुकसान हो रहा है। वे लोगों से मेलजोल नहीं रखते। वे नेताओं की राय नहीं लेते। यह किसी एक राज्य की कहानी नहीं है। यह पूरे देश में एक कहानी है।”

श्री रेड्डी ने कहा , “ एक पुरानी कहावत है – मेरा राजा बहुत बुद्धिमान है। वह अपने बारे में नहीं सोचता और वह किसी की सलाह नहीं सुनता।”
श्री रेड्डी ने 2014 में तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के आंध्र प्रदेश को विभाजित करने और तेलंगाना को अलग करने के फैसले के विरोध में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपनी पार्टी ‘जय समैक्य आंध्र’ बनायी थी और 2014 के चुनावों में कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार भी उतारे थे।

Related Articles

Back to top button