गुजरात

मोदी 2024 में भी बनेंगे प्रधानमंत्री:हेमंत

मुंबई, 11 फरवरी : इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत पाटिल ने शनिवार को यहां दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्वच्छ और निस्वार्थ, पारदर्शी शासन के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2024 में भी प्रधानमंत्री बनेंगे।

श्री पाटिल ने श्री मोदी के नेतृत्व पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे अपनी (कांग्रेस) सरकारों द्वारा किए गए कामों का हिसाब देशवासियों के सामने रखें। उन्होंने कहा कि विश्व पटल पर भारत के मजबूत नेतृत्व की पहचान रहे श्री मोदी पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए व्यक्तिगत आरोप दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

श्री पाटिल ने कहा कि श्री मोदी ने संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस का जवाब देते हुए, कांग्रेस को उनकी असली जगह और चेहरा दिखा दिया, जिससे कांग्रेस के पैरों तले जमीन खिसक गई। कांग्रेस जनता का जो काम 60 वर्षों में नहीं कर पाई, श्री मोदी ने आठ साल में कर दिखाया।

आईएसी अध्यक्ष ने कहा,“ श्री मोदी ने कभी अपना और पार्टी का हित नहीं देखा।वह निस्वार्थ भाव से देश की सेवा कर रहे हैं। देश के लिए उनके बलिदान की तुलना नहीं की जा सकती। देश के लिए कांग्रेस के बलिदानों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।”

उन्होंने आग्रह किया कि कांग्रेस के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के संदर्भ में ‘श्वेत पत्र’ जारी करने की जरूरत है।अध्यक्ष ने कहा कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए राजनीतिक नेतृत्व का उद्यमियों से संबंध होना बुरा नहीं है।इसका हालांकि फायदा उठाना और हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा लगाए गए आरोपों में सीधे प्रधानमंत्री को घसीटना उचित नहीं है।श्री पाटिल ने कहा कि विपक्ष ने संसद के ऊपरी सदन में ‘मोदी-अडानी भाई भाई’ के नारे लगाकर प्रधानमंत्री के भाषण को बाधित करके, देश का अपमान किया है।

Related Articles

Back to top button