मध्य प्रदेश

साबूदाने की खिचड़ी से 70 लोग फूड प्वाइजनिंग से बीमार

खरगोन, 28 मार्च : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के ऊन विकासखंड मुख्यालय पर माता के विसर्जन के दौरान साबूदाने की खिचड़ी के सेवन के उपरांत फूड प्वाइजनिंग से करीब 70 लोग बीमार हो गए।

खरगोन के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दौलत सिंह चौहान ने बताया कि ऊन विकासखंड मुख्यालय पर बीती रात करीब 70 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। अधिकांश लोगों को पेट दर्द तथा उल्टी की शिकायत हुई।
उन्होंने बताया कि 55 लोगों का उपचार ऊन में ही किया गया, जबकि 15 को जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया गया।
खरगोन के सिविल सर्जन अमर सिंह चौहान ने बताया कि जिला अस्पताल में 15 लोगों का उपचार किया गया, जिसमें से आज सुबह 8 को डिस्चार्ज कर दिया गया है। प्रभावितों में 3 विद्यार्थी भी थे जिनकी आज परीक्षा थी।

उन्होंने बताया कि कल शाम इन व्यक्तियों ने साबूदाने की खिचड़ी का सेवन किया था और उन्हें देर रात से पेट दर्द और उल्टी की दिक्कत शुरू हो गई।

एक प्रभावित पिंटू प्रजापति ने बताया कि माता के विसर्जन के दौरान रास्ते में साबूदाने की खिचड़ी का स्टाल लगा हुआ था। सभी ने उसका सेवन किया और बाद में घबराहट व उल्टी दस्त होने के चलते वे अस्पताल पहुंचे।

खरगोन के जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने बताया कि जैसे ही प्रशासन को घटना की सूचना मिली, चिकित्सा दलों को आवश्यक दवाओं के साथ उन के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि साबूदाना खिचड़ी के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button