मध्य प्रदेश

सहायक विस्तार अधिकारी दस हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सिवनी, 30 सितंबर : मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के जनपद पंचायत सिवनी में पदस्थ सहायक विस्तार अधिकारी और प्रभारी लेखा शाखा को आज जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने दस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त पुलिस जबलपुर के अनुसार 27 सितंबर को राजिक अंसारी निवासी बारापत्थर सिवनी ने लिखित शिकायत लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर में प्रस्तुत किया था। शिकायत में उसने कहा कि वह सचिव के पद पर कुरई विकासखंड के ग्राम पंचायत बकोड़ी में पदस्थ है, जिसकी वर्ष 2019 से 2021 तक की वेतन वृद्धि लगना है जो नहीं लगाई जा रही है। उक्त कार्य के लिए जब वह जनपद पंचायत सिवनी में पदस्थ आरोपी गणाराम कटरे से मिला तो उसके द्वारा वेतन वृद्धि लगाने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गयी।

शिकायत की जांच के बाद आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। लोकायुक्त पुलिस आरोपी के खिलाफ भ्रष्ट्राचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button