मध्य प्रदेश

भाजपा सोशल मीडिया और आईटी विभाग का ‘सुघोष’ अभियान आज से

भोपाल, 11 नवंबर : मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया एवं आईटी विभाग का ‘सुघोष’ अभियान आज से शुरु होगा, जिसके तहत पार्टी के मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होंगे।

इसके पहले चरण में आज प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण पार्टी के प्रदेश कार्यालय में होगा। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 64 हजार से अधिक बूथों से प्रत्येक बूथ पर दो कार्यकर्ताओं को मंडल स्तर पर सोशल मीडिया व आईटी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण वर्ग में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश मंत्री एवं सोशल मीडिया आईटी प्रभारी रजनीश अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अभिषेक शर्मा, आईटी प्रदेश संयोजक अमन शुक्ला प्रशिक्षकों को विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण देंगे।

अभियान के बारे में प्रदेश मंत्री श्री अग्रवाल ने बताया कि ‘सुघोष’ नामक शंख का वादन महाभारत युद्ध प्रारंभ होने के पूर्व नकुल ने किया था। ऐसे में पार्टी ने नकारात्मक शक्तियों को सोशल मीडिया के माध्यम से समाप्त करने और लोकतांत्रिक तौर पर अपनी अभिव्यक्ति को धारदार बनाने के लिए प्रशिक्षण अभियान का नाम सुघोष रखा है।

Related Articles

Back to top button