मध्य प्रदेश

दलित अध्यक्ष को दरकिनार कर कांग्रेसी राहुल के पीछे घूम रहे हैं: कुलस्ते

खरगोन 01 दिसंबर : केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा है कि कांग्रेस ने दलित वर्ग से अध्यक्ष जरूर चुना है, लेकिन समस्त कांग्रेसी उन्हें दरकिनार कर राहुल गांधी के पीछे घूम रहे हैं।

गौरव यात्रा के सिलसिले में खरगोन जिले में आए श्री कुलस्ते ने कल सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित टिप्पणी को लेकर कहा कि कांग्रेसी क्या बोलते हैं वही जाने, लेकिन यह स्पष्ट है कि दलित अध्यक्ष बनाना एक दिखावा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित अध्यक्ष को दरकिनार कर राहुल गांधी के पीछे घूम रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रिमोट कंट्रोल से चल रही है, और इस पर नियंत्रण की स्थिति भी नहीं है।

एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि पूरे भारत में कांग्रेस की बुरी स्थिति है और कांग्रेस के समझदार लोग इसे छोड़कर भाग रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस तरह वह बाबा साहब अंबेडकर, उज्जैन के महाकाल तथा अन्य स्थानों पर जा रहे हैं ,उन्हें ईश्वर सदबुद्धि दे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनजातीय जननायको को सम्मानित करने की ‘गौरव यात्रा’ का कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के पूर्वज ने बांग्लादेश व पाकिस्तान बनाकर भारत को तोड़ने और विभाजित करने का काम किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई में जनजातीय जननायको के योगदान का कभी उल्लेख नहीं किया जबकि भारतीय जनता पार्टी ने उनके सम्मान को विभिन्न कार्यक्रमों और स्थाई स्मारकों के माध्यम से पुनर्जीवित किया है। इसी कड़ी में राष्ट्रपति द्रोपदी मुरमू की उपस्थिति में पेसा कानून लागू करने का फैसला और आजादी के अमृत महोत्सव में गौरव यात्रा का आयोजन शामिल है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भारत जोड़ने की बात कर रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने हर ग्राम के प्रत्येक गरीब को पानी, बिजली, आवास, सड़क और कनेक्टिविटी की मूल सुविधाओं को प्रदान करने के समय बद्ध कार्यक्रम को अंजाम दिया है और असली तरक्की के समस्त मापदंड के साथ आगे बढ़ने के चलते देश विदेश में भारत का नाम हो रहा है।
इसके पूर्व खरगोन जिले के झिरन्या में श्री कुलस्ते ने गौरव यात्रा से जुड़े कार्यक्रम को संबोधित भी किया।

Related Articles

Back to top button