मध्य प्रदेश

लगभग 400 महिलाआें को गिरिराज परिक्रमा कराने निकले कांग्रेस नेता

भोपाल, 16 नवंबर : मध्यप्रदेश कांग्रेस के सचिव मनोज शुक्ला भोपाल निवासी लगभग 400 महिलाओं को गिरिराज परिक्रमा (मथुरा) और ब्रज दर्शन कराने के लिए आज ट्रेन से रवाना हुए। इसके पहले वे 11 चरणों में लगभग पांच हजार महिलाओं को इस तरह तीर्थयात्रा करवा चुके हैं।

भोपाल के नरेला क्षेत्र की निवासी इन महिलाओं को नि:शुल्क गिरिराज परिक्रमा और ब्रज दर्शन कराए जाएंगे। पूरा समूह तीर्थयात्रा के बाद 18 नवंबर को वापस लौट आएगा। ये सभी दिन में पातालकोट एक्सप्रेस से भोपाल से मथुरा के लिए रवाना हुए। मथुरा से सड़क मार्ग से सभी तीर्थयात्री अपने गंतव्य पहुचेंगे और परिक्रमा तथा दर्शनों के बाद वापस मथुरा आकर ट्रेन से भोपाल लौटेंगे।

श्री शुक्ला ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र की निवासी इन महिलाओं का तीर्थयात्रा के लिए चयन लॉटरी के जरिए किया गया है। ये महिलाएं क्षेत्र के चार सौ परिवारों का प्रतिनिधित्व करती हैं। इसका आशय यह हुआ एक परिवार से एक महिला का चयन किया गया है। तीर्थयात्रा पर जाने की इच्छुक कई महिलाओं से फार्म भरवाए गए थे। इनमें से 400 का चयन लॉटरी के जरिए किया गया। जिन महिलाओं का चयन नहीं हो पाया, उन्हें सांत्वना स्वरूप वस्त्र और मिठाई के अलावा भगवान कृष्ण और राधा की तस्वीर भेंट की गयी हैं।

उन्होंने बताया कि वे लगभग पिछले एक वर्ष से इस तरह से महिलाओं का चयन कर उन्हें गिरिराज परिक्रमा और ब्रज दर्शन के लिए ले जा रहे हैं। ग्यारह चरणों में अब तक लगभग 5000 महिलाओं को वे इस तरह तीर्थयात्रा पर ले जा चुके हैं और आज के 12वें चरण में 400 अन्य महिलाओं को ले जाया जा रहा है। इनके आने जाने, भोजन और रुकने आदि की व्यवस्था वे स्वयं निजी तौर पर करते हैं।

नरेला विधानसभा क्षेत्र के निवासी श्री शुक्ला ने कहा कि इस क्षेत्र में तीर्थदर्शन यात्रा के नाम पर नागरिकों से फॉर्म भरवाए जाते थे, लेकिन सभी को तीर्थयात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। इसी बीच वे स्वयं भी गिरिराज परिक्रमा पर गए थे। उनके मन में अचानक क्षेत्र की माताओं और बहनों को गिरिराज परिक्रमा कराने का विचार और वहां से लौटने के बाद उन्होंने इस पर अमल प्रारंभ कर दिया।
उनका कहना है कि वे इस तरह आने वाले समय में भी नि:स्वार्थ भाव से इसी तरह क्षेत्र की माताओं और बहनों को तीर्थयात्रा करवाते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button