मध्य प्रदेश

राहुल की यात्रा में प्रियंका और राबर्ट भी शामिल

खंडवा, 24 नवंबर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के बोरगांव से प्रारंभ हुयी, जिसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी शामिल हुए।

सुबह बोरगांव से प्रारंभ हुयी पदयात्रा पहले अपने निर्धारित स्थल दुल्हार फाटा पेट्रोल पंप पर लगभग दस बजे पहुंची। इसके बाद यात्रा निर्धारित समय पर लगभग ढाई बजे जनजातीय नायक टंट्या भील की जन्मस्थली बड़ौदा अहीर पहुंची और वहीं पर आदिवासी सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान मंच पर श्री गांधी के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, जीतू पटवारी और दर्जनों नेता मौजूद रहे।

इसके पहले सुबह ठंड के बावजूद राज्य में यात्रा के दूसरे दिन सख्त सुरक्षा प्रबंधों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में श्री गांधी ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप बोरगांव से पदयात्रा प्रारंभ की। श्री गांधी की यात्रा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के सख्त बंदोबस्त किए हैं।

श्री गांधी आज ही शाम को पंधाना में गुरूद्वारा साहिब होते हुए छैगांव माखन पहुंचेंगे, जहां पदयात्रा को आज का विराम दिया जाएगा। यात्रा का रात्रि विश्राम रोशिया खेरदा नाम के स्थान पर होगा। यहां से यात्रा शुक्रवार को फिर से प्रारंभ होगी।

इसके पहले श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र की सीमा से बुधवार को मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया था। यात्रा बोदरली से सुबह प्रारंभ हुयी थी और विभिन्न पड़ाव के बाद शाम को खंडवा जिले के बोरगांव पहुंची थी।

यात्रा खंडवा के साथ ही खरगोन, इंदौर, उज्जैन, आगरमालवा जिले से होते हुए चार दिसंबर को राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर जाएगी। इस दौरान श्री गांधी 26 नवंबर को डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू (इंदौर) में पहुंचेंगे और सभा करेंगे। वे उज्जैन में भी जनसभा करेंगे।

Related Articles

Back to top button