ओडिशाभारत

पोषण माह में 15 करोड़ से अधिक कार्यक्रम आयोजित

नयी दिल्ली 12 अक्टूबर : पांचवेें राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान देशभर में 15 करोड़ से अधिक कार्यक्रम आयोजित किये गये जो महिला एवं स्वास्थ्य, बच्चा एवं शिक्षा, लिंग संवेदनशीलता, जल प्रबंधन और महिलाओं तथा बच्चों के लिए पारंपरिक भोजन आदि पर केंद्रित रहे।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि पांचवां राष्ट्रीय पोषण माह एक सितंबर से 30 सितंबर तक पूरे देश में मनाया गया। मंत्रालय के अनुसार पांचवें राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान देश भर में विभिन्न विषयों के तहत 15 करोड़ से अधिक गतिविधियां आयोजित की गयी। इस वर्ष पोषण माह के दौरान ग्राम पंचायतों को सभी गतिविधियों का केंद्र बिंदु बनाया गया।

‘महिला और स्वास्थ्य’ विषय के तहत देश भर में प्रमुख गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें एनीमिया जांच और जागरूकता अभियान, प्रसव पूर्व जांच शिविर, मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता अभियान, और हाथ धोने तथा स्वच्छता आदि पर गतिविधियाँ आयोजित की गयी। अन्य प्रमुख विषय, बच्चा और शिक्षा- पोषण भी, पढाई भी रहा जिसमें छह साल से कम उम्र के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया गया। प्रारंभिक शिक्षा के लिए सामान्य संवेदीकरण के अलावा, आंगनवाड़ी केंद्रों में सीखने के लिए स्वदेशी और स्थानीय रूप से उपलब्ध खिलौनों के उपयोग और विकास को बढ़ावा दिया गया है।

पोषण माह के दौरान ही केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी की अध्यक्षता में दिल्ली में प्रारंभिक बचपन विकास के लिए स्वदेशी खिलौनों पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें आंगनबाडी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को ऑनलाइन शामिल किया गया। इसके अलावा मणिपुर में स्टेट टॉयथॉन- खिलौना मेला, गुजरात में आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित मिनी चिल्ड्रन टॉय- प्ले एंड लर्न फेयर, झारखंड और ओडिशा में आंगनवाड़ी केंद्रों में स्थानीय खिलौना बनाने की कार्यशालाएं आयोजित की हैं।

पोषण माह 2022 में आंगनवाड़ी केंद्रों में जल संरक्षण और प्रबंधन पर लिंग संवेदनशील जागरूकता और जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक खाद्य पदार्थों पर ध्यान केंद्रित विषयों के तहत आयोजित की गयी। स्वस्थ बालक स्पर्धा को चार राज्यों उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और असम में पोषण माह के दौरान सफलतापूर्वक संचालित किया गया था। पांचवेें रष्ट्रीय पोषण माह का समापन 30 सितंबर से दो अक्टूबर तक कर्तव्यपथ पर पोषण उत्सव के साथ हुआ।

मंत्रालय के अनुसार पोषण माह से पिछले कुछ वर्षों में लोगों की मानसिकता में महत्वपूर्ण बदलाव आया है। पोषण माह 2022 में भी पुरुषों और महिलाओं की समान भागीदारी देखी गई है।

Related Articles

Back to top button