अन्य राज्य

आनंद शर्मा ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू से की मुलाकात

शिमला 27 मार्च : पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की तथा उनसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

श्री सुक्खू ने श्री शर्मा को हिमाचली टोपी और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए श्री सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लोकतंत्र बचाने के लिए चलाया गया निडर अभियान केंद्र सरकार को एक अड़चन लग रहा है और लोकसभा सदस्यता से श्री गांधी को अयोग्य ठहराने के माध्यम से उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने केंद्र सरकार के गलत कामों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि देश में होने वाले आगामी चुनावों में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि श्री गांधी को संसद में बोलने का पूरा अधिकार है लेकिन केंद्र सरकार ने साजिश कर उन्हें निशाना बनाया। श्री शर्मा ने न्यायपालिका में अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि निचली अदालत का फैसला ऊपरी अदालत में नहीं टिकेगा और कांग्रेस इसके खिलाफ राजनीतिक और कानूनी दोनों लड़ाई लड़ेगी।

Related Articles

Back to top button