अन्य राज्य

भाजपा के अनूप गुप्ता बने चंडीगढ़ के महापौर, वरिष्ठ उप महापौर, उप महापौर भी भाजपा के

चंडीगढ़, 17 जनवरी: भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने एक बार फिर चंडीगढ़ के महापौर, वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर पदों पर कब्जा कर लिया है।

आज यहां हुए तीन पदों के लिये चुनाव में महापौर पद पर भाजपा के अनूप गुप्ता ने आम आदमी पार्टी(आप) के जसबीर सिंह लाडी को मात्र एक मत के अंतर से पराजित किया। वरिष्ठ उप महापौर के चुनाव में भी भाजपा के कंवरजीत राणा ने आप प्रत्याशी तरूणा मेहता को एक मत के अंतर से पराजित किया। महापौर और वरिष्ठ उप महापौर पदों के चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों केे पक्ष में 15-15 और आप प्रत्याशियों को 14-14 मत पड़े। उप महापौर पद पर भाजपा के हरजीत सिंह के पक्ष में 15 और आप की सुमन शर्मा के पक्ष में 14 मत पड़े। चुनाव में भाजपा और आप के सभी 14-14 पार्षदों ने मतदान किया।

भाजपा की जीत में सांसद किरण खेर का एक मत अहम रहा। इससे उसके प्रत्याशी आप प्रत्याशियों के मुकाबले एक मत अधिक लेने में सफल रहे। श्रीमती खेर निगम की पदेन सदस्य हैं तथा उन्हें भी सदन में मताधिकार हासिल है।

कांग्रेस ने चुनाव में भाग नहीं लिया। उसके छह पार्षद हैं। वहीं शिरोमणि अकाली दल के एकमात्र पार्षद हरदीप सिंह भी मतदान में गैर हाजिर रहे। चुनाव के लिये नगर निगम भवन और उसके 50 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई थी।

चंडीगढ़ नगर निगम में वर्ष 2016 के बाद से लगातार भाजपा का ही महापौर बनता आ रहा है। जबकि इससे पहले 2015 तक कांग्रेस का ही कब्जा हुआ करता था।

वहीं महापौर पद सम्भालने पर अनूप गुप्ता ने कहा कि पिछले महापौर की तरह उनका कार्यकाल में भी विकास को ही तरजीह दी जाएगी। पिछली महापौर के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में साफ सफाई की व्यवस्था में और सुधार लाने, घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने को और बेहतर बनाने, शहर की पार्किंग को स्मार्ट बनाते हुये इसे फास्ट टैग से जोड़ने, पार्कों का बेहतर रख रखाव और सौंदर्यीकरण करने, गांव की सड़कों और सीवरेज सिस्टम को मजबूत बनाने जैसे काम इसी साल में पूरा किये जाएंगे।

Related Articles

Back to top button