अन्य राज्य

कुश्ती महासंघ को भंग कर मामले की निष्पक्ष जांच कराए केंद्र: हुड्डा

चंडीगढ़,19 जनवरी : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में कांग्र्रेस विधायक दल और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों के समर्थन में आगे आए हैं।

श्री हुड्डा का कहना है कि बेहद दुर्भाग्य और शर्म की बात है कि खिलाड़ी जो देश का गौरव हैं उन्हें आज सड़कों पर धरना देना पड़ रहा है। भारतीय कुश्ती महासंघ के अधिकारियों पर लगे आरोप गंभीर और चिंताजनक हैं। इनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराकर सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों को पूरा देश पलकों पर बिठाता है, उन्हें भी धरने पर बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है। महिला पहलवानों द्वारा कुश्ती महासंघ और उसके अध्यक्ष पर गम्भीर आरोप लगाए गए हैं, इसलिए बिना देरी के कुश्ती महासंघ को बर्खास्त कर सभी आरोपियों को जांच के दायरे में लाया जाए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि निश्चित तौर पर ये तमाम पहलवान देश के खिलाड़ी हैं, लेकिन राज्य सरकार को यह भी याद रखना चाहिए कि ज्यादातर खिलाड़ी हरियाणा से सम्बंधित हैं। इनके अधिकारों को संरक्षण देना और इनके हक में आवाज उठाना सरकार की जिम्मेदारी है लेकिन इस मामले में हरियाणा सरकार की चुप्पी बेहद निराशाजनक है। यौन उत्पीड़न जैसे मामलों में हर बार सरकार चुप्पी साध लेती है, चाहे ये राज्य के खेल मंत्री के पर या फिर भारतीय कुश्ती महासंघ पर लगे हों।

Related Articles

Back to top button