अन्य राज्य

कांग्रेस मॉडल ने पंजाब पर कर्ज चढ़ाया, माफिया को संरक्षण दिया:कंग

चंडीगढ़, 22 दिसंबर : पंजाब आम आदमी पार्टी प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने विधानसभा में विपक्ष के नेता परताप सिंह बाजवा के ‘आप मॉडल बनाम कांग्रेस मॉडल‘ वाले बयान पर पलटवार करते हुए गुरुवार को कहा कि कांग्रेस मॉडल ने पंजाब पर तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ाया, अपराधियों-माफिया को संरक्षण दिया और रोजगार के अभाव में नौजवानों को विदेश जाने पर मजबूर किया।
श्री कंग नेे यहां जारी बयान में कहा कि श्री बाजवा जिस कांग्रेस मॉडल का जिक्र कर रहे हैं, उसकी सच्चाई यह है कि कांग्रेस के तीन पूर्व मंत्री जेल में हैं। एक पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव बाद विदेश चले गये और दूसरे कैप्टन अमरिंदर सिंह भारतीय जनता पार्टी में चले गये।

श्री कंग ने दावा किया कि अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में प्रदेश को एक साफ-सुथरी और ईमानदार सरकार मिली है। अपराधियों और माफियाओं पर नकेल कसी जा रही है ओर नौजवानों को बड़ी संख्या में रोजगार दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि श्री बाजवा ने पंजाब के कुछ उद्यमियों के उत्तर प्रदेश में निवेश की खबर की कतरन साझा करते हुए ट्वीट किया था कि मुख्यमंत्री जब दक्षिणी राज्यों से निवेशकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहे थे, पंजाब के कुछ उद्यमी उत्तर प्रदेश चले गये। उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार उद्योगपतियों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। बिगड़ी कानून एवं व्यवस्था उद्योगपतियों के पलायन का प्रमुख कारण है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आप सरकार के नौ महीने के कार्यकाल में 30 हजार करोड़ का कर्ज लिया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button