अन्य राज्य

जेलों में कैदियों की डाइट प्लान को बदला जाएगा: रणजीत सिंह

सिरसा, 27 जुलाई : हरियाणा के बिजली, जेल एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह ने बुधवार को कहा कि प्रदेश की जेलों में लगातार सुधार के कार्य किए जा रहे हैं। इन सुधारों के परिणाम के रूप में अगले एक-दो माह में जेलों में बदलाव नजर आएगा।

श्री सिंह ने कहा कि जेलों में कैदियों को अच्छी एवं पौष्टिक खाना मिले, इसके लिए सरकार की ओर से निरंतर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही अंग्रेजों के समय से चले आ रहे खाने के समय को भी बदला जाएगा। गर्मियों में खाने का समय शाम सात से आठ बजे, जबकि सर्दियों में शाम छह से सात बजे रखा जाएगा।

जेल मंत्री सिरसा जेल में तीन दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि बंदियां आर कैदियों को संबोधित कर रहे थे। इसके उपरांत उन्होंने जेल प्रांगण में पौधा रोपण भी किया। जेल अधीक्षक दीपक शर्मा ने जेल मंत्री रणजीत सिंह का यहां पहुंचने पर स्वागत किया और जेल की गतिविधियों से अवगत करवाया।

उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षकों को भी जल्द ही यूनिफार्म दी जाएगी। इसके साथ ही गाड़ी की भी व्यवस्था जेल अधीक्षकों के लिए की जाएगी। उन्होंने बताया कि यूनिफार्म व गाड़ी होने से जेल अधीक्षकों को कार्य करने में सुगमता होगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जेलों में सुधार को लेकर किए जा रहे प्रयासों को गंभीरता से लागू करने के लिए मार्गदर्शन करते हुए निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेल सुधार की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए कोई भी कैदी अपने सुझाव दे सकता है। जो भी अच्छे सुझाव जिनसे जेल सुधार में मदद मिलती होगी, उन्हें जरूर लिया जाएगा। इस दौरान आचार्य श्री प्रशांत मुकुंद इस्कॉन द्वारका व श्री प्रवीण गुप्ता इस्कान ने अपने भजन व विचारों के माध्यम से कैदियों को अच्छे व बुरे कर्मों के बारे में बताते हुए सही जीवन जीने की सच्चाई से अवगत करवाया। इस अवसर पर उप अधीक्षक श्री मोहन सिंह, सीएमजीजीए रोमिल होतवानी उपस्थित थे।

जेल मंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि कैदियों के अंदर एक सकारात्मक सोच विकसित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में जुडऩे के लिए प्रेरित जाए, इसके लिए अनेकों सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में समय-समय पर जेलों में आध्यात्मिक कार्यक्रम करवाए जाते हैं। उन्होंने कैदियों को कहा कि वे एक अच्छे नागरिक बनकर बाहर जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर प्रथम चरण में प्रदेश में 11 जेलों में पेट्रोल पंप खोले जाएंगे। कुरुक्षेत्र जेल में पेट्रोल पंप की शुरुआत की जा चुकी है। कुरुक्षेत्र जेल पेट्रोल पंप के सुखद परिणाम आए हैं। पेट्रोल पंप का संचालन कैदियों द्वारा किया जा रहा है। सिरसा जेल में भी पेट्रोल पंप खोला जाएगा, इसके लिए उन्होंने जेल अधीक्षक को प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा है।

Related Articles

Back to top button