अन्य राज्य

मुर्मू, उइके, वीरेन ने चंद्र नववर्ष उत्सव की दी बधाई

इंफाल 22 मार्च : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके और मुख्यमंत्री एन वीरेन सिंह ने बुधवार को चंद्र नववर्ष उत्सव, साजिबु नोंगमा पानबा चिराओबा के अवसर पर लोगों को बधाई एवं शुभकामनायें दीं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक संदेश में कहा,“ये त्योहार भारत के विभिन्न समुदायों को प्यार, सद्भाव और स्नेह के बंधन में बांधें और सभी के लिए खुशी और समृद्धि लाएं।”

मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने कहा, “खुशियों के ये त्योहार हमारे समाज में सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। हम इन त्योहारों के जरिए प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता भी व्यक्त करते हैं।”

राज्यपाल ने कहा कि नया साल लोगों के लिए खुशियां मनाने और आशा के साथ भविष्य की ओर देखने का अवसर है। यह राज्य में शांति और सद्भाव के वर्ष में प्रवेश करने का संकल्प लेने का समय है। उन्होंने कहा कि नए साल का आगमन राज्य में विभिन्न समुदायों के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करेगा।

राज्यपाल ने सभी से बेहतर मणिपुर बनाने के लिए राज्य में शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए खुद को एक बार फिर से समर्पित करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी इस अवसर पर लोगों को बधाई दी और कामना की कि नया साल लोगों को सकारात्मकता से भर दे और सपनों को हकीकत में और प्रयासों को उपलब्धियों में बदलने का उत्साह बढ़ाए।
इस अवसर पर अधिकांश परिवारों ने दावतों का आयोजन किया और महिलाओं ने अपने माता-पिता और भाइयों को उपहार भेंट किए

Related Articles

Back to top button