अन्य राज्य

हिसार की रीना भट्टी ने माउंट एल्बुरस पर फहराया तिरंगा

हिसार, 15 अगस्त : हरियाणा में हिसार की रीना भट्टी ने रूस स्थित माउंट एल्बुरस पश्चिम (यूरोप में माना जाए तो यूरोप महाद्वीप का सबसे ऊंचा पर्वत ) की चोटी पर तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने तिरंगा फहराकर विश्व भर के सभी भारतीयों काे गौरवान्वित होने का मौका दिया है। रीना भट्टी ने बताया कि इस एंल्बुरस पर्वत की ऊंचाई 5642 मीटर है और यहां लगभग हर समय बर्फ की चादर बिछी रहती है। यहां शून्य से 20 से 25 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान रहता है। पन्द्रह अगस्त को सुबह 5:43 पर उन्होंने इस पर्वत की चोटी पर झंडा
फहराया।

हिसार के श्यामलाल बाग नगर की पर्वतारोही रीना भट्टी ने कुछ दिन पहले ही 70 घंटे में माउंट कांग यात्से और माउंट जोजंगो चोटी को फतह कर रिकॉर्ड बनाया था। दो चोटी को एक साथ फतह करने वाली रीना हरियाणा की पहली पर्वतारोही बनी थी।

माउंट कांग यात्से लद्दाख में 6250 मीटर और माउंट जोजंगो 6240 मीटर ऊंची चोटी है। इससे पहले रीना माउंट किलिमंजारो और नन सहित विभिन्न चोटियों को फतह कर चुकी हैं। वह पैनासॉनिक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उनका अगला लक्ष्य वर्ष 2023 में माउंट एवरेस्ट की चोटी को फतह करना है।

पर्वतारोही रीना भट्टी ने बताया था कि 18 जुलाई को उसने माउंट काग यात्से और 21 जुलाई को माउंट जोजंगो चोटी को फतह कर तिरंगा फहराया था। दोनों चोटियों को फतह करने के लिए रीना करीब एक साल से प्रेक्टिस कर रही थीं। रीना ने बताया कि अब उसका लक्ष्य वर्ष 2023 में माउंट एवरेस्ट चोटी को फतह करना है। रीना के पिता बलवान सिंह ऑटो मार्केट में काम करते हैं जबकि माता बाला देवी गृहिणी हैं।

Related Articles

Back to top button