उत्तर प्रदेश

कानपुर में हुआ एक और सड़क हादसा, 05 मरे, 10 घायल

कानपुर, 02 अक्टूबर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में बीते 24 घंटे के दौरान दूसरा सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक और लोडर की टक्कर में 05 लोगों की मौत हो गयी और 10 लाेग घायल बताये गये हैं।

पुलिस ने रविवार को बताया कि सुबह चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवा फ्लाई ओवर पर एक लोडर (छोटा हाथी) को तेज रफ़्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 05 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुयी है। इसके अलावा 10 अन्य घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोडर में सवार होकर स्थानीय ग्रामीण विंध्याचल मुंडन कराने जा रहे थे। हताहतों में एक ही परिवार के लोग शामिल हैं। पुलिस इस हादसे में हताहत हुए लोगों की शिनाख्त कर रही है। गौरतलब है कि शनिवार को रात में कानपुर नगर में ट्रैक्टर ट्राली हादसे में 26 लोगों की मौत हुयी थी।

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को इस घटना के घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button