राज्य

पूर्व विधायक भुट्टो और एक उद्योगपति के यहां आयकर का छापा

आगरा, 05 नवंबर: आयकर विभाग ने शनिवार काे बसपा नेता व पूर्व विधायक जुल्फिकार अहमद भुट्टो और डेयरी उत्पादों के उद्योग से जुड़े शहर के एक बड़े उद्योगपति के घर, ऑफिस और फैक्ट्री में छापेमारी की।

सूत्रों के अनुसार भुट्टो के ठिकानों पर आज छापेमारी से पहले डेयरी उद्योगपति के यहां शुक्रवार को भी छापेमारी हुयी। सूत्रों ने बताया कि डेयरी उद्यमी के यहां दिल्ली की आयकर टीम ने सर्वे किया। स्थानीय आयकर विभाग को इस सर्वे से दूर रखे जाने की जानकारी मिली है।

उधर, आयकर विभाग की आगरा जांच शाखा ने आज सुबह पूर्व विधायक भुट्टो के विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया। यह कार्य दोपहर में जारी था। जांच में और अधिक स्टाफ लगाए जाने की तैयारी की जा रही है।

भुट्टो का एचएमए ग्रुप के नाम से मीट के निर्यात का कारोबार है। ताजगंज की मलको गली में भुट्टो के बड़े भाई हाजी परवेज रहते हैं।

परवेज के यहां भी जांच टीम पहुंच गई है। पूर्व विधायक जुल्फिकार अहमद भुट्टो विभव नगर में रहते हैं। एचएमए ग्रुप के फतेहाबाद रोड व एमजी रोड पर आफिस हैं। कुबेरपुर में स्लाॅटर हाऊस हैं। उनके आफिस व घर पर सर्च किया जा रहा है। इनकम टैक्स की टीम को टैक्स में हेरा फेरी की जानकारी मिली थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भुट्टो द्वारा बड़े पैमाने पर मीट निर्यात का कार्य किया जाता है। लेकिन मीट के लिए जानवरों की खरीद हमेशा नकद में दिखाई जाती है। आयकर विभाग को इसी में गड़बड़ी नजर आ रही है।

Related Articles

Back to top button