उत्तर प्रदेश

मथुराः यमुना एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में चार बराती मरे, चार घायल

मथुरा, 05 नवंबर : मथुरा जिले में सुरीर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत यमुना एक्सप्रेस वे पर बीती रात बरातियों से भरी बुलैरो गाड़ी के पलट जाने से चार बरातियों की मौत हो गई तथा चार लोग घायल हो गए। मृतकों में दूल्हे का पिता व बहनोई भी शामिल हैं। इस हादसे में दूल्हा और दुल्हन घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना शुक्रवार की रात लगभग दस बजे उस समय हुई जब दिल्ली की ओर से राया की तरफ आ रही बुलैरो गाड़ी सड़क पर खराब खड़ी कार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। जिससे चार बरातियों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुरीर थाने के इंसपेक्टर संजय त्यागी के अनुसार मृतकों में दूल्हे का पिता 65 वर्षीय चन्द्रपाल निवासी जल सीन की गढ़ी थाना राया जिला मथुरा शामिल है। तीन अन्य मृतकों की पहचान अलीगढ़ निवासी दूल्हे के बहनोई 33 वर्षीय विशंभर के अलावा मथुरा निवासी नरेन्द्र, आगरा निवासी 09 वर्षीय राखी के रूप में की गई है। घायलों में मथुरा निवासी दूल्हा श्याम सुन्दर के अलावा धर्मेन्द्र, प्रियांशी एवं दुल्हन प्रेमवती निवासी आगरा को जिला अस्पताल मथुरा में भर्ती कराया गया है। बारात नाेयडा से लौट रही थी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button