अन्य राज्य

तेलंगाना हाईकोर्ट ने बंदी संजय की संग्राम यात्रा को सशर्त दी अनुमति

हैदराबाद 28 नवंबर : तेलंगाना उच्च न्यायालय ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय कुमार की ओर से पांचवें चरण की प्रजा संग्राम यात्रा निकालने की सशर्त अनुमति दे दी।

पुलिस ने रविवार की रात को आज से होने वाली प्रजा संग्राम यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इस अवसर पर निर्मल जिले के भैंसा शहर में एक जनसभा का भी आयोजन किया गया है।

पुलिस के अनुमति न देने पर भाजपा ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और अदालत ने प्रजा संग्राम यात्रा के लिए सशर्त अनुमति दे दी है। न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया कि भैंसा से तीन किलोमीटर की दूरी पर जनसभा की जाए। साथ ही अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि पदयात्रा केवल 500 लोगों के साथ की जाए।

न्यायालय ने कहा कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को भड़काऊ भाषण न देने की सलाह दी जाती है। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को लाठी-डंडे व हथियार का प्रयोग नहीं करने को कहा गया। इसके अलावा न्यायालय ने पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने का भी आदेश दिया।

तय कार्यक्रम के अनुसार श्री बंदी की प्रजा संग्राम यात्रा का पांचवां चरण मुधोले विधानसभा क्षेत्र से शुरू होकर करीमनगर विधानसभा क्षेत्र में समाप्त होगा। इस दौरान श्री बंदी द्वारा करीब 222 किलोमीटर पदयात्रा निकाली जाएगी और यह 20 दिनों तक चलेगी। इसमें पांच जिले, तीन लोकसभा क्षेत्र और आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे।

संग्राम यात्रा के समापन के दिन, एक जनसभा आयोजित की जाएगी और इसमें पार्टी के शीर्ष राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

प्रदेश भाजपा प्रमुख ने प्रजा संग्राम यात्रा के पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे चरण के दौरान 13 लोकसभा तथा 21 जिलों के 48 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,178 किलोमीटर की दूरी तय की है।

Related Articles

Back to top button