राजस्थान

मिश्र एवं गहलोत ने मुलायम के निधन पर व्यक्त की संवेदना

जयपुर, 10 अक्टूबर : राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुुंधरा राजे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री मिश्र ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि श्री यादव से उनका निकट का नाता रहा है और उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति देने और पुण्यात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

श्री गहलोत ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक-संरक्षक श्री यादव के निधन पर संवेदना जताते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री श्री यादव एक अनुभवी राजनेता के रूप में उनका योगदान बहुत बड़ा था। उन्होंने ईश्वर से उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

डा पूनियां ने कहा कि देश के पूर्व रक्षामंत्री और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने उनके परिजन तथा शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रीमती राजे ने कहा कि श्री यादव के निधन का समाचार सुनकर दुःख हुआ। नेताजी बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे।
भारतीय राजनीति में वह एक असरदार नेता थे, जिन्होंने सिर्फ़ उत्तरप्रदेश के ही नहीं, देश के विकास में भी बड़ा योगदान दिया। उन्होंने कहा कि श्री यादव का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को संबल प्रदान करने की कामना की।

इसी तरह नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने श्री यादव के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन का दुःखद सामाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि उनकी दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। श्री डोटासरा ने कहा कि श्री यादव का निधन अत्यंत दुःख दायक है। नेताजी का लंबा राजनीतिक और सामाजिक जीवन जन सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की ।

श्री पायलट ने कहा कि श्री यादव के निधन का दुखद समाचार मिला। सामाजिक उत्थान एवं उत्तरप्रदेश के विकास के लिए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने ईश्वर से उनके परिजनों को संबल एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह राष्ट्रीय लोकतांत्रितक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी श्री यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनका निधन हो जाना दुःखद खबर है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और ईश्वर से दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। इसी प्रकार अन्य कई नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक संवेदनाएं प्रकट की।

Related Articles

Back to top button