राजस्थान

आदिवासियों का उत्थान राज्य सरकार की प्राथमिकता-गहलोत

बांसवाड़ा, 06 जनवरी : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आदिवासियों का उत्थान राज्य सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार आदिवासियों के उत्थान तथा आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

श्री गहलोत शुक्रवार को बांसवाड़ा जिले के गांगड़तलाई में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी-बिजली से लेकर शिक्षा, चिकित्सा, समाजिक सुरक्षा तक सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है। आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और आमजन के कल्याण की दिशा में व्यापक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि वागड़ क्षेत्र के किसानों के खेतों में पानी पहुंचाकर खुशहाली लाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सरकार माही के पानी की हर बूंद का उपयोग करते हुए आदिवासी क्षेत्रों को कृषि के लिए पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रत्येक योजना के केन्द्र में गरीब एवं वंचित लोग हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को महंगे उपचार से मुक्ति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है। इसमें 10 लाख रूपए तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। किडनी, हार्ट, लीवर ट्रांसप्लांट जैसे महंगे इलाज में 10 लाख की सीमा समाप्त कर सारा खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है। साथ ही पांच लाख रूपए तक का दुर्घटना बीमा भी दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा आईपीडी, ओपीडी में सभी प्रकार के उपचार निःशुल्क कर दिए गए हैं। प्रदेश में आमजन की सीटी स्केन, एमआरआई स्केन जैसी महंगी जांचें निःशुल्क की जा रही हैं। इन ऐतिहासिक निर्णयों से राजस्थान स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मॉडल स्टेट बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में बेहतरीन चिकित्सा प्रबंधन के जरिए राजस्थान पूरे देश में अग्रणी रहा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन के लिए राज्य की पूरी दुनिया में सराहना हुई। प्रदेश के हर चिकित्सालय में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाईयों और बेड्स की अतिरिक्त व्यवस्था की गई। इसी का परिणाम रहा है कि अन्य राज्यों के मुकाबले राजस्थान में मृत्युदर काफी कम रही। दवाईयों एवं चिकित्सा उपकरणों के प्रबंधन, लॉकडाउन के दौरान रोजगार खोने वाले मजदूर वर्ग, ठेले-रेहड़ी वालों का सर्वे किया गया। इस दौरान लाखों लोगों के खातों में आर्थिक सहयोग राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।

शिक्षा में आगे बढ़ रहा राजस्थान

श्री गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य में 211 कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 94 गर्ल्स कॉलेज हैं। 500 बालिकाओं के नामांकन पर कॉलेज खोलने का निर्णय राज्य सरकार ने किया है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से छात्राओं को बड़े स्तर पर निःशुल्क स्कूटी का वितरण किया जा रहा है। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज उच्च शिक्षा में लड़कियों का नामांकन लड़कों से अधिक हो गया है। प्रदेश में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं ताकि वंचित तबके के विद्यार्थी अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा निःशुल्क प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना से प्रदेश में हजारों विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करवाई जा रही है। राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के माध्यम से युवाओं को विदेशों में निःशुल्क पढ़ने का अवसर मिल रहा है।

सम्मेलन में किसानों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इससे पहले सम्मेलन में किसानों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सम्मेलन में जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक परिधान पहनाकर और साफा बांधकर अभिनंदन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान जन कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों के बेहतर निर्वह्न की बदौलत आज देश में मॉडल स्टेट के रूप में अग्रणी पहचान कायम करता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button