उत्तर प्रदेश

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने की आत्महत्या

वाराणसी 26 मार्च : भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने वाराणसी में सारनाथ थाना क्षेत्र के एक होटल में आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार सुबह सारनाथ इलाके के सोमेंद्र होटल में अभिनेत्री का शव पंखे से फंदे से लटका मिला। होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

वर्ष 1996 में भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र स्थित पेरिसपुर में जन्मी आकांक्षा तीन साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ मुंबई आ गई थी। वह शनिवार की रात सोमेंद्र होटल में रहने आई थी।

पुलिस उपायुक्त ने उसका मोबाइल फोन और अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया। अभिनेत्री के फोन की कॉल डिटेल भी चेक की जा रही है। अभी तक उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस उसकी आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही थी।

आकांक्षा ने टिकटाक और इंस्टाग्राम में नृत्य और अभिनय के छोटे-छोटे वीडियो अपलोड कर अपने करियर की शुरुआत की थी। कुछ समय में ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग होने लगी। उन्होंने भोजपुरी फिल्म ‘वीरो के वीर’ और ‘कसम पैदा करने वाले’ में काम किया था। उन्होंने कई भोजपुरी गानों में भी शिरकत की थी।

Related Articles

Back to top button