उत्तर प्रदेश

सहारनपुर : बासमती धान की सभी प्रजातियों के दाम में भारी उछाल

सहारनपुर, 29 अक्तूबर : उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जनपद अच्छी प्रजाति के बासमती चावल की पैदावार के लिये में विख्यात है। इस साल बासमती धान की सभी प्रजातियों के भाव में भारी उछाल देखने को मिल रहा है।

मंडी समिति की उपनिदेशक रिंकी जायसवाल ने शनिवार को बताया कि ‘पूसा बासमती 1509’ के बाजार भाव 3500 रूपए प्रति क्विंटल हैं। जबकि पिछले वर्ष 2500 रूपए प्रति क्विंटल थे। सरबती प्रजाति की धान के भाव 2700 रूपए प्रति क्विंटल हैं, जबकि पिछले वर्ष 2200 रूपए प्रति क्विंटल थे। पूसा 01 प्रजाति के धान का भाव आज बाजार में 3550 रूपए प्रति क्विंटल हैं जबकि पिछली बार इसका दाम 3200 रूपए प्रति क्विंटल था।

इस बार सहारनपुर जनपद में धान की खेती का रकबा 58 हजार हेक्टेयर था। जिसमें से 48 हजार हेक्टेयर में बासमती धान की पैदावार हुई हैं। राज्य सरकार सामान्य धान की प्रजातियों की खरीद करती है। बासमती धान की बिक्री मंडियों में होती है। यह किसान सीधे व्यापारियों को बेचता है। धान के व्यापारियों ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार बासमती धान की मांग अच्छी है। धान की कीमत बढ़ने से बासमती उत्पादक किसान के चेहरे भी खिले हुए हैं। सहारनपुर से बासमती चावल का कई देशों को निर्यात भी होता है।

Related Articles

Back to top button