उत्तर प्रदेश

महाराष्ट्र के सभी महानगरों में अगला महापौर भाजपा का होगा : कृपाशंकर सिंह

जौनपुर, 28 अगस्त: उत्तर प्रदेश के जौनपुर आये महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश के उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने कहा है कि आने वाले चुनाव में महाराष्ट्र में महापौर भाजपा का होगा।

श्री सिंह ने रविवार को जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर बदलापुर के निरीक्षण गृह में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में उथल-पुथल के बाद अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में स्थाई सरकार आ गई है। शिवसेना से 40 एमएलए नहीं टूटे हैं बल्कि शिवसेना का घमंड टूटा है, अब शिवसेना विघटन के कगार पर पहुंच गई है , इनको अहंकार था।

उन्होंने कहा कि फिल्म अभिनेत्री कंगना राणावत ने उस समय जब उनके घर पर बुलडोजर चल रहा था कहा था कि जैसे मेरा घर टूट रहा है वैसे ही एक दिन तुम्हारा घमंड टूटेगा और उनकी बात चरितार्थ हो गई। उन्होंने बताया कि मुंबई में बसे उत्तर भारतीयों में विशेषकर पूर्वांचल के लोग पूरी तरह से भाजपा के समर्थन में अपना मन बना है । यह निर्णय लोगों ने ले लिया है कि आगामी चुनाव में मुंबई का महापौर भाजपा का होगा। इतना ही नहीं बल्कि मुंबई से सटे थाना, मीरा रोड, भायंदर, नवी मुंबई, कल्याण, उल्हासनगर एवं भिवंडी में भी महापालिका के चुनाव में उत्तर भारतीयों की भूमिका निर्णायक होगी।

श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों पर जनता को विश्वास है, आज देश को ऐसे ही नेतृत्व की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button