उत्तर प्रदेश

बहराइच में तेंदुये के हमले में महिला घायल

बहराइच, 13 मार्च : उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग क्षेत्र के फकीरपुरी गांव में एक महिला पर सोमवार को तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला ने संघर्ष कर तेंदुए से जान बचाई।

घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर में इलाज के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक खेत में काम करते समय तेंदुए ने हमला किया है।

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग का फकीरपुरी गांव जंगल से सटा हुआ है। गांव निवासी लल्ली देवी (40) आज सुबह खेत में काम कर रही थी कि तभी वहाँ जंगल से निकलकर तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुए ने महिला के सिर को पीछे से दबोच लिया। महिला ने शोर मचाते हुए संघर्ष किया। खेत में मौजूद अन्य लोगों ने हांका लगाया। इस पर तेंदुआ महिला को छोड़कर जंगल में चला गया। घायल महिला को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया गया है। महिला के सिर में हमले के गंभीर निशान हैं।

ग्रामीण बाघ के हमले की बात कह रहे हैं। प्रभागीय वन अधिकारी आकाशदीप वाधवान ने बताया कि अभी तक तेंदुए के हमले की आशंका है। क्षेत्रीय वन क्षेत्राधिकारी की रिपोर्ट पर ही कुछ कहा जा सकता है।

Related Articles

Back to top button