राज्य

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में प्रवेश किया

नांदेड़ 07 नवंबर : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा ने तेलंगाना से महाराष्ट्र के मुख्य नांदेड़ जिले के देगलुर में सोमवार रात करीब सवा नौ बजे प्रवेश किया।

श्री राहुल तेलंगाना राज्य के मिर्जापुर से ‘एकता मंडल’ हाथ में लेकर कई पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ देगलुर में राज्य की सीमा पर पहुंचे।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि लोगों से जुड़ने के कांग्रेस के प्रयास के तहत निकाली जा रही यात्रा महाराष्ट्र में चौदह दिनों तक चलेगी और पन्द्रह विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी दस नवंबर को नांदेड़ में और 18 नवंबर को शेगांव में रैलियों को संबोधित करेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और सोमवार को 61वें दिन में प्रवेश कर गई। यात्रा का देगलुर के कलामंदिर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, राज्य विधानसभा के नेता बालासाहेब थोराट सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। यात्रा आठ नवंबर को सुबह साढ़े आठ बजे से फिर से शुरू होगी।

Related Articles

Back to top button