अन्य राज्य

उत्तराखंड के विकास का रोडमैप तैयार : धामी

पिथौरागढ़/नैनीताल 05 दिसंबर : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया है। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शुमार किया जाएगा।

सीमांत मुनस्यारी के दौरे पर आये श्री धामी ने मुनस्यारी के जोहार क्लब मैदान में आयोजित मुनस्यारी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मुनस्यारी महोत्सव धीरे-धीरे विश्व प्रसिद्ध महोत्सव के रूप में विख्यात हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी के नैसर्गिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि जोहार की पावन भूमि नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण तो है ही इसका इतिहास भी बहुत गौरवशाली रहा है।

उन्होंने मुनस्यारी के नैसर्गिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुनस्यारी जैसा रमणीक स्थल भारत में ही नहीं विश्व में मिलना मुश्किल है। उन्होंने इस मौके पर मुनस्यारी क्षेत्र की महान विभूतियों को याद किया और कहा कि जोहार की भूमि महान समाज सेवकों, चिंतकों, भू-सर्वेक्षकों एवं पर्वतारोहियों की भूमि है। उन्होंने सभी महान विभूतियों का नाम लेते हुए उनके महान कार्यों को याद किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी सरकार प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर रही है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों के विकास को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सीमान्त के विकास को लेकर बहुत गंभीर हैं। उन्होंने देश के सीमान्त गांवों को देश का अंतिम गांव न मानकर देश का पहला गांव माना है। हमारी सरकार भी सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि मुनस्यारी क्षेत्र का संपूर्ण विकास हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने मुनस्यारी में एकलव्य विद्यालय खोले जाने, मुनस्यारी को नगर पंचायत बनाये जाने, मुनस्यारी में गौ रक्षा के लिए सहयोग दिए जाने, चंपावत के ऊपर बुग्यालों में बकरियों के चुगान की अनुमति दिये जाने एवं बोना गांव में गार्डर पुल बनाए जाने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर गंगोलीहाट के विधायक फकीर राम, विधायक धारचूला हरीश धामी व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा उपस्थित थीं।

Related Articles

Back to top button