राज्य

द्रौपदी मुर्मू आज से दो दिन के मध्यप्रदेश दौरे पर

भोपाल, 15 नवंबर : राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज से दो दिन के मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगी। वे आदिवासी बहुल शहडोल जिले में जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने के बाद देर शाम भोपाल पहुंचेंगी और बुधवार को भी यहां रुकेंगी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्रीमती मुर्मू आज दिन में लगभग दो बजे शहडोल पहुंचकर वहां लालपुर में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके पहले वे सुबह लगभग 11:30 बजे विशेष विमान से जबलपुर आयेंगी और वहाँ से सेना के हेलीकाॅप्टर से दोपहर 12.25 पर शहडोल पहुँचेंगी। दोपहर लगभग दो बजे लालपुर (शहडोल) में जनजातीय गौरव दिवस में शामिल होंगी। राष्ट्रपति दोपहर 3 बजे शहडोल से प्रस्थान कर अपरान्ह 3:55 जबलपुर और वहाँ से सायं 5:25 बजे भोपाल पहुँचेंगी।

सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु सायं 6:30 बजे राजभवन, भोपाल से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रातापानी, औबेदुल्लागंज-इटारसी फोरलेन परियोजना (एनएच-46) और रक्षा मंत्रालय की ग्वालियर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संस्थान में मेक्सिमम माइक्रोवाइल कंटेनमेंट लेबोरेट्ररी (बीएसएल 4) का वर्चुअली शिलान्यास करेंगी। राष्ट्रपति 16 नवंबर को प्रात: 11:30 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन में भाग लेंगी। राष्ट्रपति दोपहर 12:55 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश में पंचायतों के अधिसूचित क्षेत्रों में विस्तार संबंधी (पेसा) एक्ट को आधिकारिक तौर पर लागू करने की घोषणा करेंगी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश की जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्रीमती मीना सिंह मांडवे, वन मंत्री विजय शाह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह और पशुपालन एवं सामाजिक न्याय मंत्री प्रेम सिंह पटेल भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति का रात्रिविश्राम आज भोपाल में होगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गयी हैं।

Related Articles

Back to top button