मध्य प्रदेश

गांधी जयंती से मध्यप्रदेश में नशामुक्ति अभियान

भोपाल, 01 अक्टूबर : मध्यप्रदेश में महात्मा गांधी जयंती 02 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां लाल परेड मैदान पर राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन की शुरूआत करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र खटीक, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, पतंजलि योगपीठ के संस्थापक बाबा रामदेव और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे।

राज्य के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग की ओर से आयोजित अभियान के दौरान नशे के विरुद्ध पूरे समाज को जागरुक करने और विशेष रूप से युवा वर्ग को नशीले पदार्थों के सेवन के कारण दुष्प्रभावों के बारे में अवगत कराया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक नगर और ग्राम में सभाएं तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें नशामुक्त हो चुके लोगों के अनुभव साझा करने के साथ नशे की ओर आकर्षित हो रहे व्यक्ति के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में नशामुक्ति संबंधी शिविर लगाए जाएंगे तथा नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

अभियान में धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों की हस्तियों का भी सहयोग लिया जाएगा। अभियान के तहत स्कूल, कॉलेजों में कार्यक्रमों के साथ वातावरण निर्माण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। सभी जिलों में नशामुक्ति अभियान के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समितियों का गठन किया गया है।
राज्य में कुछ राजनेता समय समय पर नशाबंदी की बात उठाते आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button