विश्व

पेरिस में पेंशन सुधार के खिलाफ चौथी आम रैली

पेरिस, 12 फरवरी : पेरिस में विवादास्पद पेंशन सुधार के खिलाफ चौथी आम रैली का आयोजन हो रहा है, जिसमें हजारों लोग शहर की सड़कों पर उतर आए हैं। आरआईए नोवोस्ती ने रविवार को यह जानकारी दी।

आरआईए नोवोस्ती के अनुसार प्रदर्शनकारी प्लेस डे ला रिपब्लिक में अपना विरोध प्रदर्शन शुरू करने के बाद अब प्लेस डे ला नेशन की ओर बढ़ रहे हैं और ऐसा अनुमान जताया जा रहा है कि मध्य पेरिस में एक लाख से अधिक इस रैली में शामिल हो रहे हैं।

प्रदर्शनकारी प्रमुख फ्रांसीसी ट्रेड यूनियनों के बैनर के तले शामिल होकर बैनर और पोस्टर लेकर आगे बढ़ रहे हैं और “मैक्रों, अपनी सेवानिवृत्ति की सोचें, लेकिन हमें मत छुएं”, बंधुआ कर्मचारी बूढ़े होने के लिए जीवित नहीं रहेंगे, चलो 60 की उम्र में पेंशन के लिए लड़े” जैसे नारेबाजी करते हुए नजर आए।

प्रमुख फ्रांसीसी ट्रेड यूनियन पहले ही घोषणा कर चुकी थी कि विरोध प्रदर्शन सप्ताहांत में आयोजित किया जाएगा ताकि इसमें ज्यादा लोग शामिल हो सकें।

उल्लेखनीय है कि पेंशन सुधार के खिलाफ शनिवार को पूरे फ्रांस में 200 से ज्यादा स्थानों पर प्रदर्शन हुए, जिसमें मार्सिले, ल्योन, बोर्डो और नांटेस जैसे सभी प्रमुख शहर शामिल हैं। ट्रेड यूनियनों के अनुसार, टूलूज़ में आयोजित विरोध प्रदर्शन में एक लाख से ज्यादा लोग एकत्रित हुए।

फ्रांसीसी प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने 10 जनवरी को पेंशन सुधार कानून पर एक मसौदा प्रस्तुत किया, जिसे सितंबर 2023 में लागू करने की योजना है। इसके अनुसार, फ्रांसीसी सरकार 01 सितंबर से देश में सेवानिवृत्ति की आयु प्रति वर्ष तीन महीने बढ़ाना शुरू करेगी और यह 2030 तक वर्तमान 62 वर्ष से बढ़ाकर 64 वर्ष हो जाएगी।

फ्रांस में पेंशन सुधार योजना के खिलाफ पहली हड़ताल 19 जनवरी को हुई और पेरिस में 80 हजार लोगों के साथ पूरे देश में 10 लाख से ज्यादा लोग एकत्रित हुए। देश में 31 जनवरी को हुए दूसरे प्रदर्शन में कुल 28 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। पिछले मंगलवार को हालांकि तीसरे राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन में केवल 7.57 लाख लोग शामिल हुए थे।

पेंशन सुधार योजना के खिलाफ पांचवां राष्ट्रीय प्रदर्शन 16 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button