राज्य

बिरसा मुंडा जयंती पर शहडोल में द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में जनजातीय गौरव दिवस

शहडोल/भोपाल, 14 नवंबर : महान जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर मंगलवार को मध्यप्रदेश के शहडोल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आदिवासी बहुल शहडोल जिले में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन पहले से प्रस्तावित था, लेकिन रविवार को इस आयोजन में राष्ट्रपति के आने की स्वीकृति मिलने के बाद कार्यक्रम को और गरिमामय बनाने की तैयारियां भी तत्काल प्रारंभ कर दी गयीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को स्वयं शहडोल पहुंचे और मंत्रियों व अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम की तैयारियों का अवलोकन कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

श्री चौहान ने आज सुबह ट्वीट के जरिए लिखा है, ‘हम सबके लिए गौरव की बात है कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन शहडोल में होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी हम सबको मार्गदर्शन देने पधार रही हैं।’

इस बीच सूत्रों ने साफ किया कि राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर जबलपुर और शहडोल आदि में सुरक्षा व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाएं भी और सख्त की जा रही हैं। बताया गया है कि राष्ट्रपति विशेष विमान से जबलपुर के डुमना हवाईअड्डा पहुंचेंगी और वहां से सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से शहडोल जाएंगी। राज्य के जनजातीय विकास विभाग ने राष्ट्रपति के स्वागत की भी विशेष तैयारियां की हैं। उनका स्वागत जनजातीय परंपरा के अनुरूप किया जाएगा।

सूत्रों ने कहा कि शहडोल के लालपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस आयोजन में आसपास के जिलों से भी हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है, जिनमें से अधिकांश जनजातीय समुदाय के व्यक्ति शामिल रहेंगे।

Related Articles

Back to top button