featureबड़ी ख़बरें

मणिपुर घटना के विरोध में आप नेताओं का प्रदर्शन, पुलिस लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल

चंडीगढ़, 25 जुलाई: मणिपुर की घटना के खिलाफ आम आदमी पार्टी पंजाब के नेताओं ने मंगलवार को चंडीगढ़ में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में ‘आप’ सरकार के मंत्री- विधायक, पार्टी पदाधिकारी समेत पंजाब के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं और नेताओं पर चंडीगढ़ पुलिस ने लाठियां चलाई, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने केंद्र और मणिपुर की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और इस घटना के लिए प्रधानमंत्री मोदी और मणिपुर के मुख्यमंत्री एम बीरेन सिंह को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शन कर रहे आप नेताओं ने केंद्र सरकार से मणिपुर की बीरेन सिंह सरकार को तुरंत बर्खास्त करने और वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
आप नेताओं ने कहा कि मणिपुर की दिल दहला देने वाली वीडियो सारे देश ने देखी। पिछले दो-तीन महीनों से वहां हाहाकार मचा हुआ है। भाजपा के मंत्रियों तक के घरों को भी नहीं बख्शा जा रहा, फिर भी प्रधानमंत्री चुप हैं। उन्हें इस पर देश को जवाब देना चाहिए।
पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डिया ने कहा कि मणिपुर में हुई शर्मनाक घटना की जितनी निंदा की जाए उतना कम है। केंद्र की भाजपा सरकार संसद में बहस करने से भी भाग रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री मीत हेयर ने कहा कि महिलाओं के प्रति भाजपा की सोच ही घटिया है। उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक ने एक लड़की के साथ बलात्कार किया और एक साल बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। उस मामले में उसे सजा होने के बाद उसकी पत्नी को भाजपा की योगी सरकार ने टिकट दिया। अब मणिपुर में भी यही हो रहा है, दो महीने बीतने के बाद यह बात अब बाहर आई है।
कार्यकारी अध्यक्ष प्रधानाचार्य बुधराम ने कहा कि ‘बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ’ वालों की सरकार में ‘देश में बेटियों’ के साथ जो क्रूरता हो रही है, उससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता। कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक ने कहा कि मणिपुर के अहम मुद्दे पर पीएम मोदी की चुप्पी बीजेपी की कायरता को दर्शाती है, लेकिन आम आदमी पार्टी मणिपुर के लोगों की आवाज उठाती रहेगी।

Related Articles

Back to top button