बिहार

झारखंड खेल नीति-2022 का लोकार्पण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन

रांची, 13 सितंबर : झारखंड के

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद से ही राज्य में खेल गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैंऔर आने वाले 5 वर्षों के लिए हमने नई खेल नीति बनायी है जिसका आज विधिवत रूप से लोकार्पण हुआ है।

श्री सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित झारखंड खेल नीति, 2022 का लोकार्पण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा बनायी गई यह खेल नीति राज्य के खिलाड़ियों, कोच तथा प्रशिक्षकों के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के नौजवानों में खेल के प्रति रुचि, जागरूकता और झुकाव को मैंने काफी करीब से समझने का काम किया है। यहां के खिलाड़ियों को प्लेटफार्म उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि राज्य सरकार द्वारा बनायी गई नई स्पोर्ट्स पॉलिसी हमारे खिलाड़ियों को बिना रुकावट खेल की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार खेल की दिशा में राज्य सरकार ने अपना कदम बढ़ाया है, निश्चित रूप से खेल के क्षेत्र में झारखंड देश का अग्रणी राज्य बनेगा।

श्री सोरेन ने कहा कि आप सभी ने देखा है कि पिछले दिनों देश के दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों ने झारखंड में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है तथा यहां के प्रशिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण भी लेने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के बच्चों ने कई खेलों में राज्य ही नहीं बल्कि देश का प्रतिनिधित्व किया है तथा पदक जीतकर विश्व में राज्य एवं देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी जो पूरी दुनिया में खेल के क्षेत्र में अपना जौहर दिखा रहे हैं, हमारे वे बच्चे बहुत ही सीमित संसाधनों में अपनी तैयारी करते हैं। हमारे लिए यह गौरव की बात है कि हमारे बच्चे सीमित संसाधनों से निकलकर देश में अपना स्थान पहले पायदान पर रखते हैं और देश में नंबर वन खिलाड़ी के रूप में उभरते हैं। यहां के खिलाड़ियों की इसी जज्बा को और आगे ले जाने के लिए हमारी सरकार ने राज्य में नई खेल नीति लाने का काम किया है।

Related Articles

Back to top button