बिहार

नीतीश ने शरद यादव के निधन पर जताया शोक

पटना 13 जनवरी : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव के निधन पर आज गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

श्री कुमार ने शुक्रवार को अपने शोक संदेश में कहा कि श्री यादव से उनका बहुत गहरा संबंध था। वह उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हैं। वह एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उन्होंने कहा कि श्री यादव केंद्रीय मंत्रिमंडल में नागरिक उड्डयन मंत्री, श्रम मंत्री, उपभोक्ता मामलों के मंत्री एवं खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण के मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। वह सात बार लोकसभा और तीन बार राज्यसभा सांसद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कहा कि श्री यादव का निधन समाजवादी आंदोलन के लिए एक बड़ी क्षति है। वह लोहिया के विचारों पर चलने वाले राजनेता थे। उन्होंने श्री यादव के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने स्व. यादव की धर्मपत्नी, पुत्री एवं पुत्र से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी।

बिहार सरकार ने श्री यादव के निधन पर एक दिन (13 जनवरी 2023) को राजकीय शोक की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Related Articles

Back to top button