भारत

कृतज्ञ राष्ट्र ने अम्बेडकर को दी श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, 06 दिसंबर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में कृतज्ञ राष्ट्र ने मंगलवार को बाबा साहेब डाॅक्टर भीमराव अम्बेडकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर संसद भवन परिसर में मुख्य आयोजन किया गया, जहां उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी गयी। श्रीमती मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारित मंत्री वीरेंद्र कुमार ने डॉ अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कई अन्य केंद्रीय मंत्री, सांसद और गणमान्य व्यक्तियों ने भी संसद भवन परिसर पहुंचकर डॉ अम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी।

श्री मोदी ने डॉ अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को याद किया। उन्होंने कहा, “ महापरिनिर्वाण दिवस पर, मैं डॉ बाबासाहेब अम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और हमारे राष्ट्र के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को याद करता हूं। उनके संघर्षों ने लाखों लोगों को आशान्वित किया और भारत को इतना व्यापक संविधान देने के उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। ”

कई केंद्रीय मंत्रियों ने डॉ अम्बेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किये।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संविधान निर्माता बाबा साहब अम्बेडकर को महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री गांधी कहा,“ हम शुरू से अंत तक समान हैं। हम आरंभ से अंत तक भारतीय हैं। इसके सिवा कुछ भी बाबासाहेब के लिए अस्वीकार्य था। उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें विनम्र
श्रद्धांजलि।”

श्री खड़गे ने कहा कि बाबासाहेब डॉ अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर यह स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के आदर्शों की फिर से पुष्टि करने का समय है, जिसके वे सच्चे हिमायती थे। सामाजिक परिवर्तन किसी भी प्रगति की नींव है।
देश के अन्य हिस्सों से भी डॉ अम्बेडकर को श्रद्धांजलि देने और उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित करने के समाचार प्राप्त हुए हैं। डाॅ अम्बेडकर से जुड़े पांच स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये। कई सामाजिक संगठनों और प्रमुख व्यक्तियों ने भी बाबा साहेब को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और ट्वीट किये।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने लखनऊ में डॉ अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होेंने कहा कि देश की सरकारें काश उस संविधान के पवित्र भावना के तहत कार्य करती तो यहाँ करोड़ों गरीब और मेहनतकशों को काफी मुसीबतों से कुछ मुक्ति मिल गई होती। डाॅ अम्बेडकर का नाम आते ही संवैधानिक हक के तहत लोगों के हित, कल्याण, उनके जान-माल-मज़हब की सुरक्षा तथा आत्म-सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ जीने की गारण्टी की याद आती है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी डाॅ अम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी है।

Related Articles

Back to top button