मध्य प्रदेश

कांग्रेस नेताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि

भोपाल, 02 अक्टूबर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताआें ने आज यहां पुरानी विधानसभा (मिंटो हाल परिसर) स्थित महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर दोनों महान विभूतियाें की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

तत्पश्चात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी की सोच, उनकी विचारधारा, उनका दृष्टिकोण और देश को दिखाया गया मार्ग अभी भी अमर है। गांधी जी ने देश में अमन चेन, भाईचारे का संदेश दिया। आज हम उनके विचारों, आदर्शों पर चलने का संकल्प लें, क्योंकि आज सत्ता में बैठे लोगों द्वारा महात्मा गांधी और शास्त्री जी के विचारों, सिद्धांतों पर और देश के संविधान पर आक्रमण हो रहा है, आज इनके द्वारा देश को, समाज को बांटने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान-जय किसान का नारा दिया था। अन्नदाता किसानों की स्थिति आज किसी से छिपी नहीं है। पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने कहा कि हमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों से जुड़ने की जरूरत है, गांधी जी के विचारों से हम जितने दूर होंगे, उतने हम गरीब, निर्धन, अल्पसंख्यक, जरूरतमंदों से दूर होते जायेंगे। भारत जोड़ो यात्रा गांधी जी के विचारों से जोड़ने के लिए हैं। सत्ता में बैठे लोग तरह-तरह के षड्यंत्र कर देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन हमारे नेता राहुल गांधी निडरता से भारत जोड़ो यात्रा कर देश को एक नया संदेश देकर एक नया इतिहास रच रहे हैं।

महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, प्रभारी महामंत्री राजीव सिंह, सै. साजिद अली, जेपी धनोपिया, चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, डॉ महेन्द्र सिंह चौहान, रवि सक्सेना, दीपचंद यादव, संजय मसानी, अरूण श्रीवास्तव, आसिफ जकी, राजकुमार सिह, विक्रम चौहान, संतोष कंसाना, निहाल अहमद, मुईन उद्दीन सिद्वीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button