अन्य राज्य

खेल मंत्री को बर्खास्त और गिरफ्तार नहीं किये जाने पर इनेलो सड़कों पर उतरेगी: सुमित्रा चौटाला

चंडीगढ़, 05 जनवरी : इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) की हरियाणा महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सुमित्रा देवी और महिला प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने महिला कोच के साथ छेड़छाड़ और प्रताड़ित करने के मामले में खेल मंत्री संदीप सिंह को मंत्री पद से बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की है।

उनकी अगुवाई में महिला प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिला और इस मामले में ज्ञापन सौंपा। सुश्री सुमित्रा देवी ने कहा कि इनेलो पार्टी राजनीतिक पार्टी के साथ-साथ एक सामाजिक पार्टी है और यह हमारा सामाजिक दायित्व बनता है कि एक पीड़ित महिला कोच को न्याय दिलवाने के लिए उसके साथ खड़े रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देकर महिलाओं के वोट लिए और सत्ता हासिल की लेकिन उसके उलट एक बेटी के साथ सत्ता के नशे में चूर भाजपा के मंत्री द्वारा दुर्व्यवहार किया गया और पूरी भाजपा सरकार उस मंत्री को बचाने में जुटी है।

पार्टी की महिला प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला ने पत्रकारों से कहा, “ हम भाजपा सरकार के खेल मंत्री को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर राज्यपाल से मिले हैं। यदि 15 दिनों तक खेल मंत्री को बर्खास्त और गिरफ्तार नहीं किया तो इनेलो पार्टी की महिला इकाई भाजपा सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरेगी और धरना-प्रदर्शन करेगी और मुख्यमंत्री और खेल मंत्री के निवास को घेरेगी।

उन्होंने कहा कि खेल मंत्री इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं और बचने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा महिला कोच के आरोपों को अनर्गल बताने वाले बयान की भी कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की ओछी मानसिकता है। जहां मुख्यमंत्री को महिला कोच को न्याय दिलवाना चाहिए, वहीं वो खेल मंत्री को बचाने में लगे हैं। मुख्यमंत्री के इस बेतुके बयान से पूरे महिला समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला कोच ने सबसे पहले मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस महानिदेशक से शिकायत करने की कोशिश की लेकिन उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। आखिर में वह इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला से मिली और इनेलो विधायक ने उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया, इसलिए आज पूरी इनेलो पार्टी पीडि़त महिला कोच को न्याय दिलवाने के लिए उसके साथ खड़ी है।
ज्ञापन में कहा गया कि इनेलो की महिला इकाई उनका ध्यान हाल ही में महिला जूनियर कोच के साथ हुई दुर्व्यवहार की घटना की ओर दिलाना चाहती हैं। एक महिला जूनियर कोच द्वारा हरियाणा के खेल मंत्री पर गम्भीर आरोप लगाए हैं कि मंत्री ने अपने चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित सरकारी निवास स्थान पर बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़, मानसिक प्रताडऩा और जोर-जबर्दस्ती की लेकिन महिला कोच किसी प्रकार वहां से अपनी आबरू बचा कर निकलने में कामयाब हुई। एक खेल मंत्री पर इस प्रकार का दुराचार का आरोप बहुत ही गम्भीर और चिंता का विषय है ।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को चाहिए था कि इतने गम्भीर आरोप लगने और चंडीगढ़ पुलिस द्वारा संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद तुरंत मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए था लेकिन मुख्यमंत्री ने पीड़िता के आरोपों को अनर्गल आरोप बताकर कहीं न कहीं खेल मंत्री को बचाते हुए नजर आए। प्राथमिकी दर्ज होने और पीड़िता के बयान के बाद भी अभी तक पुलिस द्वारा खेल मंत्री को गिरफ्तार भी नहीं किया गया है।

इनेलो महिला प्रतिनिधिमण्डल ने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप करने और पीडि़ता को न्याय दिलाने के लिए, खेल मंत्री को तुरंत पद से बर्खास्त करने की मांग की ताकि खेल मंत्री के विरुद्ध चल रही जांच निष्पक्ष तौर पर हो सके और पीड़िता को न्याय मिल सके।

Related Articles

Back to top button