अन्य राज्य

कोटकपुरा गोलीकांड घटना की निष्पक्ष जांच से असली अपराधियों का होगा पर्दाफाश: धालीवाल

चंडीगढ़, 26 अगस्त : पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर बादल परिवार को बचाने और उनका साथ देने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि सिख संगत पिछले सात सालों से गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामलों में इंसाफ की मांग कर रही है,लेकिन बादल-कैप्टन ने उन्हें हमेशा गुमराह किया। आप सरकार सिख संगत को न्याय दिलाएगी।

पंजाब भवन में शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के लिए न्याय की मांग करने वाले दो सिखों की कोटकपुरा में पुलिस फायरिंग में मौत हो गयी थी। उनकी मौत के लगभग सात साल बाद भी न अकाली दल और न कांग्रेस की सरकार में उन्हें न्याय मिला। उन्होंने कहा कि अकाली दल और कांग्रेस की सरकारों ने सिख संगत की भावनाओं को हमेशा नज़रअंदाज़ किया और मामले को टालते रही।

श्री धालीवाल ने कहा कि पूरा पंजाब जानता है कि बादल और कैप्टन आपस में मिले हुए थे। उनकी आपसी सांठगांठ के कारण बरगाड़ी और बहबल कलां फायरिंग कांड के दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन मान सरकार किसी भी दोषी को नहीं बख्शेगी। जल्द सभी दोषी जेल के अंदर होंगे।

उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले गुटका साहिब की सौगंध खाकर कहा था कि वह गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामले में सिख संगत को न्याय दिलाएंगे लेकिन बादलों के साथ उनकी मिलीभगत के कारण उन्होंने दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बेअदबी की घटना के आरोपी मोहिंदर पाल बिट्टू को भी कांग्रेस के शासन के दौरान जेल में मार दिया गया।

उस समय सुखजिंदर सिंह रंधावा गृह मंत्री थे, जिन्होंने जांच न कर मामले को दबा दिया।
उन्होंने बादल को यह भी स्पष्ट करने की चुनौती दी कि क्या कोटकपूरा में मौजूद अधिकारी उनके संपर्क में थे, किसके आदेश पर अधिकारियों ने गोलियां चलाई थी। क्या उन्होंने अधिकारियों को गोली चलाने का आदेश दिया था, गृह मंत्री के रूप में क्या अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया था। यदि अधिकारियों ने बिना अनुमति के फायरिंग की थी, तो बतौर गृह मंत्री उनके द्वारा क्या कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव की उम्मीद में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। जल्द ही कानून के अनुसार कार्रवाई शुरू की जाएगी।

Related Articles

Back to top button