भारत

संसदीय कार्य मंत्रालय ने किया संविधान-प्रस्तावना वाचन

नयी दिल्ली, 26 नवंबर : संविधान दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संसद भवन में भारत के संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संसदीय कार्य मंत्रालय के सचिव गुडे श्रीनिवास ने की।

भारत के संविधान को 26 नवंबर 1949 के दिन अंगीकार किए जाने के उपलक्ष्य में और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल 26 नवंबर को देश में संविधान दिवस मनाया जाता है। इस उपलक्ष्य में जगह-जगह गोष्ठियां , बैठकें और चर्चा परिचर्चा के कार्यकम आयोजित किए जाते हैं।

संविधान दिवस कार्यक्रम में लोगों की भागीदार बढ़ाने के लिए संसदीय कार्य मंत्रालय ने दो डिजिटल पोर्टलों को नाया रूप देते हुए अपडेट किया है। इनमें से एक पर अंग्रेजी में संविधान की प्रस्तावना और संविधान की 8वीं अनुसूची के तहत उल्लिखित 22 अन्य भाषाओं को पढ़ा जा सकता है तथा दूसरा पोर्टल ‘भारत के संविधान पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी’ के लिए है।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को इन अद्यतन और पुनर्निर्मित पोर्टलों का शुभारंभ किया। संसदीय कार्यमंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि इन दोनों पोर्टलों पर भाग लेने और भागीदारी प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए जनता व्यापक स्तर पर बेहद रुचि और उत्साह दिखा रही है।

Related Articles

Back to top button