उत्तर प्रदेश

सहारनपुर : आजादी के अमृत महोत्सव के लिये जेल में कैदी बना रहे तिरंगा

सहारनपुर, 12 अगस्त : आजादी के अमृत महोत्सव में शरीक हो रहे पूरे देश के लोगों को तिरंगा फहराने की जरूरत को पूरा करने में जेल के कैदी भी अपना अहम योगदान दे रहे हैं।

इस कड़ी में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित जिला कारागार में बंद कैदी भी देशप्रेम से ओत-प्रोत होकर तिरंगा निर्माण का कार्य अत्यन्त उत्साह एवं समर्पण के साथ कर रहे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान स्वतंत्रता सप्ताह में 11 अगस्त से 17 अगस्त 2022 तक “हर घर तिरंगा“ अभियान देशव्यापी स्तर पर चलाया गया है।

इसे सफल बनाने हेतु सहारनपुर जेल में महिला व पुरूष कैदी कारागार में ही तिरंगा निर्माण का कार्य द्रुत गति से पूरा करने में जुटे हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षिका अमिता दुबे ने बताया कि पुरूष एवं महिला कैदी इस कार्य को करने में राष्ट्रीय गर्व की अनुभूति कर रहे हैं।
कैदियों का मानना है कि भले ही वे कारागार में निरूद्ध है, किन्तु वे स्वतन्त्र भारत के नागरिक है और अन्य लोगों की तरह वे भी राष्ट्र की स्वतन्त्रता को बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय पर्व को मनाये जाने की पूर्व तैयारी के अभियान में उनके चेहरे की मुस्कान और तिरंगा निर्माण के प्रति उनका समर्पण उनके मुक्ति का भाव और राष्ट्र प्रेम का साक्षी है।

Related Articles

Back to top button