ब्रेन नाला में हुआ हिमस्खलन, कोई नुकसान नहीं

शिमला 28 मार्च : हिमाचल प्रदेश की लाहौल घाटी के यांगला गांव के समीप ब्रेन नाला में हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन से हालांकि, किसी तरह के जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पर यांगला गांव के मिंटू ने गोंधला से ब्रेन नाला की पहाड़ी से हिमस्खलन और उससे उठते बवंडर को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। वहीं, लाहौल-स्पीति प्रशासन ने चंद्राघाटी जाने वाले पर्यटकों को आगाह किया है कि बर्फ देखने के लिए पहाड़ों का रुख न करें।
उन्होंने कहा कि अभी पहाड़ बर्फ से ढके हैं। खराब मौसम और तेज धूप से पहाड़ियों से हिमस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। मिंटू ने बताया कि वे गोंधला में थे। अचानक पहाड़ से जोर की आवाज आई, देखा तो ब्रेन नाला की पहाड़ी से बड़ी मात्रा में हिमस्खलन हो रहा था। बता दें लाहौल-स्पीति हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है। गौरतलब है कि गत तीन फरवरी को ही लाहौल उपमंडल के सीमा क्षेत्र छीका के पास हिमस्खलन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दबकर मौत हो गई थी।